मीडिया लाउंज
आईएएस, श्री संजय मल्होत्रा जी द्वारा आरईसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का कार्यभार ग्रहण करना
तारीख 12-11-2020

श्री संजय मल्होत्रा, आई.ए.एस. ने 9 नवंबर, 2020 से आरईसी लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक का पदभार ग्रहण किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने विद्युत मंत्रालय के अपर सचिव श्री संजय मल्होत्रा की विद्युत मंत्रालय के अधीन नवरत्न पीएसयू आरईसी लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। 13.06.2020 से अब तक आरईसी लिमिटेड के सीएमडी के पद का अतिरिक्त प्रभार श्री संजीव कुमार गुप्ता, निदेशक (तकनीकी) के पास था।
श्री संजय मल्होत्रा, राजस्थान कैडर के 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। आरईसी लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में पदभार ग्रहण करने से पहले आप विद्युत मंत्रालय में अपर सचिव के पद पर तैनात थे। आपको भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग स्नातक और प्रिंसटन विश्वविद्यालय से पब्लिक पॉलिसी में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त है। श्री संजय मल्होत्रा ने 30 से अधिक वर्षों के अपने सेवाकाल में बेहतरीन नेतृत्व कौशल के साथ विद्युत, वित्त एवं कराधान, सूचना प्रौद्योगिकी, खनन आदि कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है।
आपको राज्य और केंद्र सरकार दोनों जगहों पर भारतीय विद्युत क्षेत्र में काम करने का व्यापक अनुभव रहा है। राजस्थान में ऊर्जा विभाग के प्रभारी प्रधान सचिव के रूप में काम करते हुए आपने चार शहरों में वितरण फ्रेंचाइजी की नियुक्ति, ट्रांसमिशन में पीपीपी की शुरूआत एवं मीटरिंग, बिलिंग तथा संग्रह में नई पहलों सहित कई कदम उठाए। विद्युत मंत्रालय में अपर सचिव के रूप में आप पारेषण, वितरण, सुधार और पुनर्गठन का दायित्व देख रहे थे तथा संघ शासित प्रदेशों की वितरण यूटिलिटियों के सुधारों, नीतिगत पहलों और निजीकरण में पूर्णतया संलग्न थे।









