मीडिया लाउंज
आरईसी पश्चिम बंगाल में 1,320 मेगावाट की डीवीसी परियोजना स्थापित करने के लिए 4,527.68 करोड़ रुपये का ऋण देगा
तारीख 25-08-2023

आरईसी लिमिटेड ने दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत वह पश्चिम बंगाल के रघुनाथपुर में 1,320 मेगावाट की परियोजना (2x660 मेगावाट) स्थापित करने के लिए 4,527.68 करोड़ रुपये का ऋण देगी।
पश्चिम बंगाल में रघुनाथपुर चरण- II परियोजना -- आरईसी और डीवीसी के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास है जो बिजली उत्पादन क्षमता में महत्वपूर्ण योगदान देगी। 1,320 मेगावाट की संयुक्त क्षमता के साथ, यह परियोजना क्षेत्र के ऊर्जा परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
जैसे-जैसे परियोजना आगे बढ़ती है, आरईसी और डीवीसी दक्षता, नवाचार और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के उच्चतम मानकों का पालन करते हुए इसके सफल कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए समर्पित रहते हैं। आरईसी और डीवीसी के बीच यह रणनीतिक साझेदारी सतत विकास को बढ़ावा देने और विद्युत क्षेत्र को मजबूत करने के लिए उनकी सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
इस समझौते पर दामोदर वैली कॉरपोरेशन से श्री राम नरेश सिंह, अध्यक्ष; श्री अरूप सरकार सदस्य (वित्त); डॉ. जॉन मथाई, सदस्य-सचिव; श्री एम. रघु राम, सदस्य (तकनीकी); श्री जयदीप मुखर्जी, कार्यपालक निदेशक (वित्त) और श्री सुमित कुमार दास, वरिष्ठ महाप्रबंधक (वित्त) और आरईसी लिमिटेड से श्री पंकज वर्मा, मुख्य कार्यक्रम प्रबंधक की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
आरईसी लिमिटेड एक एनबीएफसी है जो पूरे भारत में विद्युत क्षेत्र के वित्तपोषण और विकास पर ध्यान केंद्रित करती है। यह राज्य बिजली बोर्डों, राज्य सरकारों, केंद्र/राज्य बिजली यूटिलिटीज, स्वतंत्र बिजली उत्पादकों, ग्रामीण विद्युत सहकारी समितियों और निजी क्षेत्र की यूटिलिटीज को वित्तीय सहायता प्रदान करता है। इसकी कारोबारिक गतिविधियों में उत्पादन, पारेषण, वितरण और नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न प्रकार की परियोजनाओं के लिए संपूर्ण बिजली क्षेत्र मूल्य श्रृंखला में परियोजनाओं का वित्तपोषण शामिल है। आरईसी के वित्तपोषण से भारत में हर चौथे बल्ब का ऊर्जायन होता है।
डीवीसी एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है जो देश के पूर्वी क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए बिजली उत्पादन और पारेषण में कार्यरत है।









