मीडिया लाउंज
आरईसी ने अगले तीन वर्षों के लिए 55,000 करोड़ रुपये की अवसरंचना परियोजना ऋण के सह-वित्तपोषण के लिए पीएनबी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
तारीख 26-09-2023
गुरुग्राम, 26 सितंबर 2023: आरईसी लिमिटेड ने कंसोर्टियम व्यवस्था के अंतर्गत ऊर्जा क्षेत्र और अवसरंचना तथा लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की परियोजनाओं को संयुक्त रूप से वित्तपोषित करने की संभावनाओं का पता लगाने के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ मिलकर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। आरईसी और पीएनबी एक-दूसरे के साथ मिलकर अगले तीन वर्षों के लिए ₹ 55,000 करोड़ के ऋण का सह-वित्तपोषण करेंगे।
आरईसी के कार्यपालक निदेशक (इन्फ्रा एंड लॉजिस्टिक्स) श्री टी. एस. सी. बोष और पीएनबी के मुख्य महाप्रबंधक (कॉर्पोरेट क्रेडिट डिविजन) श्री राजीव ने आरईसी के निदेशक (वित्त) श्री अजय चौधरी; आरईसी के निदेशक (परियोजना) श्री वी. के. सिंह और आरईसी एवं पीएनबी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत 1969 में स्थापित महारत्न सीपीएसई आरईसी लिमिटेड, विद्युत-अवसरंचना क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक ऋण और अन्य वित्त उत्पाद प्रदान करता है, जिसमें उत्पादन, पारेषण, वितरण, नवीकरणीय ऊर्जा और नई प्रौद्योगिकियां जैसे विद्युत वाहन, बैट्री स्टोरेज, ग्रीन हाइड्रोजन आदि शामिल हैं। हाल ही में, आरईसी ने गैर-विद्युत अवसरंचना क्षेत्रों में भी विस्तार किया है, जिसमें सड़क और एक्सप्रेस वे, मेट्रो रेल, हवाई अड्डे, आईटी संचार, सामाजिक और वाणिज्यिक अवसरंचना (शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल), बंदरगाह और अन्य विभिन्न क्षेत्रों जैसे स्टील, रिफाइनरी आदि के संबंध में इलेक्ट्रो-मैकेनिकल (ई एंड एम) कार्य शामिल हैं। आरईसी की ऋण बही ₹ 4,54,393 करोड़ से अधिक हो गई है।
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) एक सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक है और अवसरंचना परियोजनाओं के वित्तपोषण सहित पूरे विश्व में उपस्थिति के साथ-साथ पूरे भारत में बैंकिंग कारोबार कर रहा है। वर्ष 1894 में स्थापित पीएनबी, ₹ 22,14,741 करोड़ के वैश्विक सकल कारोबार के साथ देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) में से एक है।









