मीडिया लाउंज
आरईसी ने बैंक ऑफ इंडिया के साथ 30,000/- करोड़ रुपये की विद्युत और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के सह-वित्तपोषण के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
तारीख 18-10-2023
गुरुग्राम, 18 अक्टूबर 2023: आरईसी लिमिटेड ने कंसोर्टियम व्यवस्था के तहत विद्युत क्षेत्र और बुनियादी ढांचा एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र परियोजनाओं के वित्तपोषण की संभावना तलाशने के लिए बुधवार को बैंक ऑफ इंडिया (बीओआई) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। आरईसी और बीओआई 5 वर्षों में कार्यान्वयन योग्य परियोजनाओं के लिए 30,000/- करोड़ रुपये के सह-वित्तपोषण ऋण के लिए साझेदारी करेंगे।
आरईसी के कार्यपालक निदेशक (इंफ्रा और लॉजिस्टिक्स) श्री टी.एस.सी. बोष और बीओआई के मुख्य महाप्रबंधक श्री नितिन जी देशपांडे ने आरईसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री विवेक कुमार देवांगन, बीओआई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रजनीश कर्नाटक, आरईसी के निदेशक (वित्त), श्री अजय चौधुरी और आरईसी एवं बीओआई के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
विद्युत मंत्रालय के अधीन 1969 में स्थापित महारत्न सीपीएसई आरईसी लिमिटेड, विद्युत-बुनियादी ढांचा क्षेत्र जिसमें उत्पादन, पारेषण, वितरण, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी स्टोरेज, ग्रीन हाइड्रोजन आदि जैसी नई प्रौद्योगिकियां शामिल हैं, को दीर्घकालिक ऋण और अन्य वित्त उत्पाद प्रदान करता है। आरईसी मुख्य अवसंरचना क्षेत्र जिसमें सड़क, मेट्रो, हवाई अड्डे, आईटी, बंदरगाह आदि शामिल हैं, में भी विविधता लाया है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही को समाप्त करते हुए आरईसी की ऋण पुस्तिका 4.54 लाख करोड़ रुपये हो गई है।
बैंक ऑफ इंडिया एक सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक है और दुनिया भर में उपस्थिति के साथ देश भर में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के वित्तपोषण सहित बैंकिंग कारोबार कर रहा है। 1906 में स्थापित, बीओआई ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकास किया है और एक मजबूत राष्ट्रीय उपस्थिति और बड़े अंतरराष्ट्रीय संचालन के साथ एक शक्तिशाली संस्थान के रूप में विकसित हुआ है। कारोबार की दृष्टि से, बैंक राष्ट्रीयकृत बैंकों में प्रमुख स्थान रखता है और इसका वैश्विक सकल कारोबार 12.14 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।









