मीडिया लाउंज
आरईसी लिमिटेड ने 54वीं एजीएम का आयोजन किया
तारीख 06-09-2023
गुरुग्राम, 6 सितंबर 2023: आरईसी लिमिटेड की 54वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 11 बजे आयोजित की गई।
अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री विवेक कुमार दिवांगन ने बैठक की अध्यक्षता की और इसमें कंपनी के निदेशक मण्डल के सभी निदेशकों ने भाग लिया।
कई शेयरधारक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में उपस्थित थे। अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक की उपस्थिति में अपेक्षित कोरम के आधार पर बैठक का आयोजन किया गया। इसके बाद अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने अपना भाषण दिया।
उन्होंने कहा, “आरईसी वर्ष 2030 तक हरित परियोजनाओं के अपने वर्तमान ऋण पोर्टफोलियो को दस गुना से अधिक बढ़ाकर ₹3 लाख करोड़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। आरईसी को अपने ग्रामीण विद्युतीकरण प्रयासों के लिए जाना जाता है; अब आरईसी अपनी नवीकरणीय ऊर्जा (आरई) केंद्रित पहलों के लिए जाना जाएगा, जिसमें सौर, पवन, हाइब्रिड और ई-मोबिलिटी परियोजनाएं शामिल हैं, साथ ही नए क्षेत्रों जैसे ग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन अमोनिया परियोजनाएं, चौबीस घंटे चलने वाली परियोजनाओं में नवीकरणीय ऊर्जा को तापीय ऊर्जा और इथेनॉल विनिर्माण के साथ जोड़ना शामिल है।
उन्होंने कहा कि “आरईसी में विश्वास रखते हुए, विद्युत मंत्रालय ने हमारी कंपनी को हमारे राष्ट्र के त्वरित विकास में योगदान करने के लिए गैर-विद्युत इन्फ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को उधार देने की भी अनुमति दी है और मैं उत्साहवर्धक ढंग से सूचित करता हूं कि पहले वर्ष के दौरान ही हमने मेट्रो, बंदरगाहों, हवाई अड्डों, तेल रिफाइनरियों, राजमार्गो, इस्पात इन्फ्रास्ट्रक्चर से लेकर स्वास्थ्य सेवा, शिक्षण संस्थाओं और आईटी इन्फ्रा/फाइबर ऑप्टिक्स आदि क्षेत्रों में विभिन्न परियोजनाओं के लिए ₹85,700 करोड़ से अधिक की राशि मंजूर की है जो पिछले वित्तीय वर्ष में कंपनी की कुल मंजूरी का लगभग 32% है।”
बॉण्ड निर्गम और लाभांश के संबंध में श्री दिवांगन ने कहा, “अगस्त 2022 में कंपनी ने शेयरधारकों को 1:3 अनुपात पर प्रत्येक ₹10/- के 65,83,06,000 नए पूर्ण प्रदत्त इक्विटी शेयर जारी किए, जिससे निर्गम और चुकता शेयर पूंजी बढ़कर ₹2,633.22 करोड़ हो गई, जिसमें प्रत्येक ₹ 10/- के 2,63,32,24,000 इक्विटी शेयर शामिल हैं। लाभांश के मामले में, आरईसी अपनी श्रेणी में सबसे अधिक लाभांश देने वाली कंपनियों में से एक है। वित्तीय वर्ष 2023 के दौरान निदेशक मण्डल ने इस एजीएम में शेयरधारकों के अनुमोदन के लिए प्रति शेयर ₹4.35 के अंतिम लाभांश का प्रस्ताव किया और इसे शेयरधारकों द्वारा अनुमोदित कर दिया गया। यह पहले ही भुगतान किए जा चुके ₹5 प्रति शेयर के पहले अंतरिम लाभांश और ₹3.25 प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम लाभांश के अतिरिक्त है। वित्तीय वर्ष 2023 के लिए प्रस्तावित अंतिम लाभांश सहित कुल लाभांश ₹12.60 प्रति शेयर है। वित्तीय वर्ष 2023 के लिए प्रस्तावित अंतिम लाभांश सहित कुल लाभांश भुगतान ₹3,318 करोड़ है।”
सेबी (सूचीबद्धता दायित्व और प्रकटीकरण आवश्यकताएं) विनियमन, 2015 के विनियम 44 तथा कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 108 के साथ पठित कंपनी अधिनियम, 2013 के नियम 20 के अनुसरण में कंपनी (प्रबंधन और प्रशासन) नियमावली 2014, में आरईसी ने अपने सदस्यों को रविवार, 3 सितंबर, 2023 (0900 बजे) से मंगलवार, 5 सितंबर, 2023 (1700 बजे) तक इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से अपने वोट के अधिकार का प्रयोग करने के लिए रिमोट ई-वोटिंग सुविधा की पेशकश की थी।









