मीडिया लाउंज
आरईसी द्वारा असम में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 'बिजली उत्सव' का आयोजन
तारीख 27-12-2022

विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन एक महारत्न कंपनी आरईसी लिमिटेड द्वारा आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अंतर्गत असम के बक्सा जिले के आनंदपुर गाँव और आसपास के गाँवों में 'बिजली उत्सव' का आयोजन किया। इस अवसर पर बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद के अध्यक्ष श्री कटिराम बोरो, बक्सा के अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अशरफुल अमीन , आनंदपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री खगेंद्रनाथ सरानिया, नेहरू आंचलिक हाई स्कूल के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य श्री नगेन चंद्र दास, असम पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एपीडीसीएल) बक्सा के एजीएम (आरई) श्री मानसज्योति पाठक जैसे कई गणमान्य व्यक्तियों और गुवाहाटी में आरईसी क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों और सम्मानित अतिथियों द्वारा व्याख्यान सत्र आयोजित किए गए जिसमें बिजली के उपभोक्ता अधिकार, बिजली के लाभ और दूरदराज के क्षेत्रों में विद्युतीकरण के दौरान सामना की गई चुनौतियों और बिजली तक पहुंच के साथ जीवन की गुणवत्ता में सुधार के बारे में बताया गया। इस कार्यक्रम में गांवों के लाभार्थियों को भी मंच पर अपने अनुभव और विचार साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया था कि कैसे बिजली तक पहुंच ने उनके जीवन को बदल दिया है।
गांव के लोगों और बच्चों से जुड़ने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। बिजली के उपभोक्ता अधिकार, ऊर्जा संरक्षण और बिजली के लाभ जैसे विषयों पर ज्ञान प्रदान करने के लिए नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार के रूप में एलईडी बल्ब और ज्योमेट्री बॉक्स के वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।









