मीडिया लाउंज
आरईसी ने वित्तीय वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही में अब तक का सर्वाधिक ₹2,878 करोड़ का तिमाही लाभ दर्ज किया
तारीख 30-01-2023
आरईसी लिमिटेड के निदेशक मंडल ने आज 31 दिसंबर 2022 को समाप्त तिमाही और अवधि के लिए अलेखापरीक्षित स्टैंडअलोन और समेकित वित्तीय परिणामों को अनुमोदित किया।
परिचालन और वित्तीय विशेषताएं: वित्तीय वर्ष 2023 की दूसरी तिमाही की तुलना में वित्तीय वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही (स्टैंडअलोन)
ऋण परिसंपत्तियों पर ब्याज आय: ₹9,534 करोड़ की तुलना में ₹9,660 करोड़, 1% की वृद्धि
निवल लाभः ₹2,728 करोड़ की तुलना में ₹2,878 करोड़, 5% की वृद्धि
परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार और दबावग्रस्त परिसंपत्ति के समाधान के कारण, आरईसी ने वित्तीय वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही में अब तक का सर्वाधिक ₹2,878 करोड़ का तिमाही लाभ दर्ज किया। परिणामस्वरूप, 31 दिसंबर 2022 को समाप्त तिमाही में प्रति शेयर अर्जन ₹43.72 रहा, जबकि 30 सितंबर 2022 को यह ₹41.44 प्रति शेयर था।
लाभ में वृद्धि के कारण, 31 दिसंबर 2022 तक तिमाही दर तिमाही में 3% की वृद्धि के साथ ही निवल मूल्य ₹54,840 करोड़ हो गया है।
लोन बुक की अपनी वृद्धि को बनाए रखा गया है और 31 दिसंबर 2022 की स्थिति के अनुसार यह 4% बढ़कर ₹4.11 लाख करोड़ पहुंच चुकी है। परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार के संकेत स्वरूप 31 दिसंबर 2022 की स्थिति के अनुसार एनपीए परिसंपत्तियों पर 69.11% के प्रावधान कवरेज अनुपात के साथ नेट क्रेडिट-इम्पेयर्ड परिसंपत्तियां में 1.12% तक की गिरावट आई है।
कंपनी का पूंजी पर्याप्तता अनुपात 31 दिसंबर 2022 की स्थिति के अनुसार 25.00% के साथ संतोषजनक स्तर पर है, जो कारोबार परिचालनों की भावी वृद्धि को समर्थन देने के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान करता है।
अपने शेयरधारकों को पुरस्कृत करने की परम्परा को जारी रखते हुए कंपनी के निदेशक मंडल ने ₹3.25 प्रति इक्विटी शेयर के दूसरे अंतरिम लाभांश की घोषणा की है तथा 9 फरवरी 2023 को अंतरिम लाभांश के भुगतान की रिकार्ड तारीख निर्धारित की है। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए कुल अंतरिम लाभांश ₹8.25 प्रति इक्विटी शेयर (प्रत्येक ₹ 10/- के अंकित मूल्य पर) है।